उत्तराखंडराजनीतिराष्ट्रीय

Lok Sabha Election Results: कई हिंदी भाषी राज्यों में हुई आइएनडीआइए की वापसी, यूपी में रहा सबसे अप्रत्याशित परिणाम

विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए ने हिंदी पट्टी के कई राज्यों में वापसी की है। सबसे अप्रत्याशित परिणाम उत्तर प्रदेश में रहा जहां समाजवादी पार्टी ने 37 और कांग्रेस ने छह सीटें जीती हैं। उत्तर प्रदेश में भाजपा केवल 33 सीटें जीत सकी। भाजपा ने 2014 में 71 सीटों पर जीत हासिल की थी वहीं 2019 में भाजपा ने 62 सीटें जीतकर अपनी जमीन बरकरार रखी थी।

  • HIGHLIGHTS
  1. हरियाणा, राजस्थान में भी राजग को नुकसान
  2. दिल्ली-उत्तराखंड की सभी पांच सीटें जीतीं भाजपा
  3. आइएनडीआइए की कई हिंदी पट्टी में वापसी हुई है

नई दिल्ली। विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए ने हिंदी पट्टी के कई राज्यों में वापसी की है। सबसे अप्रत्याशित परिणाम उत्तर प्रदेश में रहा, जहां समाजवादी पार्टी ने 37 और कांग्रेस ने छह सीटें जीती हैं। उत्तर प्रदेश में भाजपा केवल 33 सीटें जीत सकी।

भाजपा ने 2014 में 71 सीटों पर जीत हासिल की थी, वहीं 2019 में भाजपा ने 62 सीटें जीतकर अपनी जमीन बरकरार रखी थी। 2019 में समाजवादी पार्टी ने पांच, कांग्रेस ने केवल एक सीट जीती थी।

राजस्थान में भाजपा ने 14 सीटें जीतीं

आइएनडीआइए ने राजस्थान, हरियाणा, बिहार और झारखंड में भी बढ़त हासिल की, लेकिन मध्य प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ में भाजपा मजबूत बनी हुई है। राजस्थान में भाजपा ने 14 सीटें जीतीं। कांग्रेस को आठ सीटें मिलीं। 2019 के चुनावों में भाजपा ने राजस्थान की सभी 25 सीटें जीती थीं।

आइएनडीआइए ने बिहार में 2019 की तुलना में अच्छा प्रदर्शन किया। राज्य में राजद ने चार, कांग्रेस ने तीन सीटें जीतीं। राज्य में राजग ने 30 सीटें जीतीं। 2019 के लोकसभा चुनावों में राजग ने बिहार में 40 में से 39 सीटें जीती थीं।

हरियाणा में कांग्रेस ने चार सीटें जीती

हरियाणा में भाजपा ने पांच सीटें जीतीं, 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने सभी 10 सीटें जीती थीं। इस बार हरियाणा में कांग्रेस ने चार सीटें जीती है। झारखंड में भाजपा इस बार आठ सीटें जीतीं, एक सीट भाजपा की सहयोगी आजसू को मिली। भाजपा ने 2019 के चुनावों में 11 सीटें जीती थीं, एक सीट उसकी सहयोगी आजसू ने जीती थी। इस बार राज्य में कांग्रेस ने दो और झामुमो ने तीन सीटें जीतीं।

दिल्ली-उत्तराखंड की सभी पांच सीटें जीतीं भाजपा

राजग ने इस बार भी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली और छत्तीसगढ़ में दबदबा जारी रखा। भाजपा मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों, हिमाचल प्रदेश की सभी चार सीटों, दिल्ली की सभी सात और उत्तराखंड की सभी पांच सीटें जीतीं। छत्तीसगढ़ में भाजपा 10 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने एक सीट जीती। 2019 में, भाजपा ने मध्य प्रदेश में 28 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस ने एक सीट जीती थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button