देहरादून: मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत लाभार्थियों को मिले 4.39 करोड़ रुपये, मंत्री रेखा आर्या ने ट्रांसफर की राशि
महिला सशक्तीकरण मंत्री रेखा आर्या ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 4.39 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। यह राशि कोरोना महामारी में अनाथ हुए बच्चों को तीन माह की आर्थिक सहायता के रूप में दी गई है।

- महिला सशक्तीकरण मंत्री रेखा आर्या ने धनराशि हस्तांतरित की
- मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के लाभार्थियों को 4.39 करोड़ रुपये मिले
- कोरोना में अनाथ हुए बच्चों को मिली आर्थिक सहायता
देहरादून। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को यमुना कालोनी स्थित शिविर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 4.39 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की।

कैबिनेट मंत्री आर्या ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के समय माता-पिता, अभिभावकों व संरक्षकों को खो देने वाले बेसहारा बच्चों को संरक्षण देने के लिए वात्सल्य योजना प्रारंभ की थी। इसमें चयनित बच्चों को प्रतिमाह तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मंत्री रेखा आर्या ने डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की तीन माह की सहायता राशि

योजना के तहत मार्च 2026 तक की धनराशि पहले ही जारी कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को अप्रैल के लिए 4917 लाभार्थियों को एक करोड़ 47 लाख 51 हजार, मई के लिए 4879 लाभार्थियों को एक करोड़ 46 लाख 37 हजार और जून माह के लिए 4848 लाभार्थियों को एक करोड़ 45 लाख 44 हजार रुपये धनराशि जारी की गई।
21 साल तक मिलेगी राशि

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि योजना के तहत लाभार्थी के 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने अथवा बालिका लाभार्थी के विवाह या लाभार्थी के सेवायोजित होने के बाद वे योजना से बाहर हो जाते हैं। इस अवसर पर विभाग के निदेशक बंसीलाल राणा, सीपीओ अंजना गुुप्ता समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


