उत्तराखंडदेश-विदेशराष्ट्रीयसामाजिक

Haridwar: फ्लाईओवर के नीचे लोहे का गाटर गिरने से दो कांवड़ यात्रियों की मौत; गंगाजल लेकर लौट रहे थे दोनों

कांवड़ यात्री हरिद्वार से गंगाजल भरकर लौट रहे थे। वह बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास रुक गए। यहां निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे दोनों बैठ गए। पास में भारी लोहे के गाटर रखे हुए थे। इस बीच अचानक खिसककर एक गाटर दोनों यात्रियों के ऊपर आ गिरा।

शांतरशाह चौकी क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन हाईवे के फ्लाईओवर के नीचे भारी लोहे का गाटर अचानक खिसककर दो कांवड़ यात्रियों के ऊपर गिर गया। गंभीर रूप से घायल दोनों कांवड़ यात्रियों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। डीएम ने भी पुलिस और एनएचएआई से पूरे मामले में रिपोर्ट मांगी है।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर करीब तीन बजे की है। जब तनुज कुमार (21) निवासी छोटा हरिद्वार जलालाबाद थाना मुरादनगर जिला गाजियाबाद और कृष्णा (22) निवासी शकुरपुर मोदीनगर थाना भोजपुर गाजियाबाद यूपी, हरिद्वार से गंगाजल भरकर लौटते समय रास्ते में बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास रुक गए। यहां निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे दोनों कुछ देर विश्राम करने के लिए बैठ गए। पास में भारी लोहे के गाटर रखे हुए थे। इस बीच अचानक खिसककर एक गाटर दोनों यात्रियों के ऊपर आ गिरा। इसके नीचे दबने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के साथ चल रहे अन्य कांवड़ यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे भारी लोहे का गाटर किस परिस्थिति में रखा गया था। वहां सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि फ्लाईओवर के नीचे खाली जगह पर लोहे के गाटर रखे हुए थे। जैसे ही कांवड़ यात्री उन पर चढ़कर बैठने का प्रयास करने लगे तो गाटर नीचे फिसलकर गिर गए। इसकी चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल होने से दोनों यात्रियों की मौत हो गई। पूरे मामले में एनएचएआई और पुलिस से रिपोर्ट तलब की गई है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

– मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी, हरिद्वार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button