उत्तराखंडदेश-विदेशदेहरादूनयूथराजनीतिराष्ट्रीयशिक्षासामाजिक

उत्तराखंड: डॉ. ढाल सिंह बिसेन प्रदेश के नए राज्यपाल नियुक्त, आयुर्वेद व होम्योपैथी चिकित्सा में हैं माहिर

मध्य प्रदेश के बालाघाट से लोकसभा के पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन उत्तराखंड के नए राज्यपाल होंगे। वह सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह की जगह लेंगे।

मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व सांसद डॉ.ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। आयुर्वेद-होम्योपैथी चिकित्सा के माहिर डॉ.बिसेन किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह जल्द अपना कार्यभार संभालेंगे।

मूल रूप से मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में 14 मई 1952 को जन्मे डॉ.ढाल सिंह बिसेन पेशे से आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के चिकित्सक रहे हैं। चिकित्सा क्षेत्र से निकलकर उन्होंने राजनीति में लंबा और सफर तय किया है। वे मध्य प्रदेश की राजनीति के एक स्थापित स्तंभ रहे हैं। डॉ.बिसेन ने वर्ष 1990 में पहली बार विधायक बनने के बाद 1993, 1998 और 2003 में भी विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की।

इस दौरान उन्होंने वर्ष 2003 से 2005 तक मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में सेवाएं दीं। इसके अलावा, उन्होंने 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष का दायित्व भी बखूबी संभाला। उन्होंने 2019 का लोकसभा चुनाव बालाघाट लोकसभा सीट से जीता। हालांकि 2024 में पार्टी ने उनकी जगह नया चेहरा चुनावी मैदान में उतारा था। संगठन के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और समर्पण का इनाम अब पार्टी ने उन्हें राज्यपाल बनाकर दिया है।

सीएम धामी ने दी बधाई

डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड के नए राज्यपाल के पद पर नियुक्ति मिलने पर सीएम धामी ने उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ ढाल सिंह बिसेन का दीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण तथा सार्वजनिक जीवन में उनका उल्लेखनीय योगदान प्रेरणादायी है। मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता के रूप में उन्होंने जनहित और समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन के अनुभव एवं मार्गदर्शन से उत्तराखण्ड के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा राज्य की विकास यात्रा को और गति प्राप्त होगी।

  • उत्तराखंड में अब तक रहे राज्यपाल
  • सुरजीत सिंह बरनाला- 09 नवंबर 2000- 07 जनवरी 2003
  • सुदर्शन अग्रवाल- 08 जनवरी 2003- 28 अक्तूबर 2007
  • बनवारी लाल जोशी- 29 अक्तूबर 2007- 05 अगस्त 2009
  • मार्गरेट अल्वा- 06 अगस्त 2009 – 14 मई 2012
  • अज़ीज़ कुरैशी- 15 मई 2012 – 08 जनवरी 2015
  • कृष्ण कांत पॉल- 08 जनवरी 2015- 25 अगस्त 2018
  • बेबी रानी मौर्य- 26 अगस्त 2018- 08 सितंबर 2021
  • लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह 15 सितंबर 2021 – अक्टूबर 2026

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button