Har Ghar Tiranga: ‘हर घर तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, गौरव और…’, बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर बोले उपराष्ट्रपति
आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में 13 से 15 अगस्त तक पूरे देश में 'हर घर तिरंगा' मनाया जाएगा। इसमें लोगों को अपने-अपने घरों पर झंडे फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को दिल्ली के भारत मंडपम से ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राम मोहन नायडू किंजारापु, किरेन रिजिजू और मनसुख मंडाविया भी मौजूद रहे।
15 तक मनेगा हर घर तिरंगा
बता दें, आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में 13 से 15 अगस्त तक पूरे देश में ‘हर घर तिरंगा’ मनाया जाएगा। इसमें लोगों को अपने-अपने घरों पर झंडे फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस अभियान की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आज से सांसदों और मंत्रियों के साथ एक ‘तिरंगा’ बाइक रैली आयोजित की जा रही है। यह बाइक रैली इंडिया गेट सर्किल पर पहुंचेगी। इसके बाद रैली इंडिया गेट परिसर से होते हुए मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में समाप्त होगी।
करोड़ों लोग अपने घरों पर तिरंगा फहराते हैं: धनखड़
‘हर घर तिरंगा बाइक रैली’ को हरी झंडी दिखाने के बाद उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा, ‘यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। हर घर तिरंगा एक अभियान है जो ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ का एक हिस्सा है। 2021 में, यह लोगों को तिरंगा घर लाने और 75वें स्वतंत्रता दिवस पर इसे फहराने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए शुरू किया गया था। अब यह एक आंदोलन बन गया है। अब करोड़ों लोग अपने घरों पर तिरंगा फहराते हैं।’