गैरसैंण भराडीसैंण में विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू होगा। जिसमें धामी सरकार का पेश होने वाला आम बजट चुनावी साल को देखते हुए खास होगा। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक बजट में युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए कई अहम घोषणाएं देखने को मिल सकती हैं।
चुनावी साल को देखते हुए सरकार का फोकस खासतौर पर महिला सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास और किसानों की आय बढ़ाने पर रहेगा। बजट में महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता से जुड़ी नई योजनाओं के साथ ही स्वयं सहायता समूहों को और मजबूत करने पर भी जोर दिया जा सकता है। वहीं, युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के साथ ही रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण योजनाओं के लिए घोषणा हो सकती है।
ताकि युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर मिल सकें। कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए भी सरकार किसानों के हित में कई कदम उठा सकती है। जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, मानव वन्य जीव संघर्ष की रोकथाम, कृषि उपकरणों, बीज और अन्य आवश्यक संसाधनों पर सब्सिड़ी बढ़ाने की सरकार घोषणा कर सकती है। बागवानी और पारंपरिक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए भी नई योजनाएं लाई जा सकती हैं। चुनावी साल को देखते हुए सरकार का लक्ष्य ऐसा बजट लाना होगा जो प्रदेश के हर वर्ग के विकास को गति दे।
पांच दिवसीय सत्र में प्रदेश सरकार की ओर से यूसीसी समेत आठ से अधिक विधेयक व अध्यादेश सदन पटल पर रखे जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों व आयोगों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट सदन में पेश की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी के भराड़ीसैंण पहुंचने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने सीएम से मुलाकात कर सत्र की तैयारियों व व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसके बाद सीएम ने नेत प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से भेट की।विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवानों को तैनात किया गया।
बजट में महिलाओं, युवाओं, किसानों के लिए खास होगा, ऐसा बजट होगा जो गरीब उन्मूलन कर सके।
– सुबोध उनियाल, संसदीय कार्यमंत्री




