उत्तराखंड SIR: आज से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, ऐसे उठाएं ‘बुक ए कॉल विद BLO’ का फायदा
उत्तराखंड में सोमवार से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म बांटना शुरू करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से सहयोग करने और 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।
देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार से प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फार्म बांटने का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने प्रदेश के समस्त मतदाताओं से बूथ लेवल एजेंट्स को सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 11,733 बीएलओ के पास गणना फार्म पंहुचा दिए गए हैं।
इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। आगामी सात जुलाई तक एक माह के समय में बीएलओ द्वारा मतदाताओं के गणना फार्मों को बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटाइज किया जाएगा।
मतदाता बुक ए कॉल फीचर का लें लाभ
बताया कि प्रदेश के मतदाता नौकरी या अन्य पेशे से जुड़े होने के कारण दिन में घर पर उपलब्ध नहीं हैं तो वे बुक ए कॉल विद बीएलओ के फीचर से एक क्लिक पर अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक करा सकते हैं। इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर विजिट करके मोबाइल ऐप को डाउनलोड कर अपनी कॉल बुक करा सकते हैं।
मतदाता एक पासपोर्ट फोटो रखें तैयार
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के मतदाताओं से अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि आठ जून से सात जुलाई के बीच घर-घर भ्रमण के दौरान गणना फार्म के साथ मतदाताओं से कोई भी दस्तावेज नही ने होंगे।
सभी नोटिस जारी कर दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई, 2026 को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा इसके साथ ही 14 जुलाई से 13 अगस्त, 2026 के बीच दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया गया है। इसी बीच 14 जुलाई से 11 सितंबर, 2026 तक सभी नोटिस जारी कर दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।



