Devprayag: बंजी जंपिंग के बाद बिगड़ी युवक की तबीयत, सीने में हुआ तेज दर्द, परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, मौत
बंजी जंपिंग करने के बाद एक युवक की तबीयत बिगड़ गई। उसने परिजनों को पेट और सीने में तेज दर्द बताया। परिजन युवक को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

श्रीनगर धारी देवी के दर्शन कर परिजनों के साथ लौट रहे देहरादून के एक युवक की बंजी जंपिंग करने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बंजी जंपिंग के बाद युवक को अचानक पेट और सीने में तेज दर्द के साथ सांस लेने में तकलीफ होने लगी, जिसके बाद परिजन उसे पास के एक लॉज में ले गए। वहां हालत बिगड़ने और बेहोश होने पर उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक, प्राथमिक दृष्टि में मौत की वजह सिंकोप अटैक (अचानक बेहोश होना या दिल की धड़कन रुकना) हो सकती है। मिली जानकारी के अनुसार, देहरादून के शांति विहार, कालागढ़ निवासी संजीव रस्तोगी का 21 वर्षीय पुत्र लक्ष्य रस्तोगी अपने परिवार के साथ धारी देवी के दर्शन कर लौट रहा था। इसी दौरान मूल्यगांव के पास स्थित एक बंजी जंपिंग पॉइंट पर पहुंचकर लक्ष्य ने बंजी जंपिंग करने की इच्छा जताई। परिजनों की सहमति पर वह चला गया।
सिंकोप अटैक या कार्डियक स्ट्रोक
अलकनंदा नदी के ऊपर रोमांचक बंजी जंपिंग कर जब वह वापस ऊपर आया, तो उसने अचानक पेट और सीने में तेज दर्द की शिकायत की। तबीयत बिगड़ती देख परिजनों ने तुरंत पास के रामकुंड लॉज में एक कमरा ले लिया ताकि लक्ष्य थोड़ा आराम कर सके। हालांकि, कुछ ही देर में उसका दर्द असहनीय हो गया और वह बेहोश हो गया। घबराए परिजन रात करीब नौ बजे उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी पहुंचे।
प्रभारी डॉ. आकाश दीप ने बताया कि रात करीब नौ बजे जब परिजन लक्ष्य रस्तोगी को अस्पताल लेकर आए, तो डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उसका परीक्षण किया। जांच के दौरान युवक की पल्स (नब्ज) नहीं चल रही थी। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास करते हुए सीपीआर भी दिया, लेकिन उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। चिकित्सालय के डॉक्टर अमर दीप ने परिजनों से मिली जानकारी के हवाले से बताया कि युवक को बंजी जंपिंग के तुरंत बाद पेट में दर्द और सांस लेने में भारी दिक्कत होने लगी थी। उन्होंने आशंका जताई है कि युवक की मौत का कारण सिंकोप अटैक या कार्डियक स्ट्रोक हो सकता है।



