
देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), राष्ट्रीय आपदा चेतावनी पोर्टल (National Disaster Alert Portal) तथा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से प्राप्त ताज़ा मौसम पूर्वानुमान के आधार पर देहरादून जनपद में अगले 24 घंटे के दौरान कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को जिले के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून की ओर से जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) और जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने कहा है कि लगातार हो रही वर्षा के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन, जलभराव तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं की आशंका बनी हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की सलाह भी दी गई है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के आदेश के अनुपालन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कृष्ण कुमार मिश्रा द्वारा आदेश जारी किया गया है।



