उत्तराखंडदेश-विदेशदेहरादूनयूथराजनीतिराष्ट्रीयसामाजिक

जागरण संवादी देहरादून: CM धामी बोले- सनातन की आवाज पर हटाए हरी-नीली चादर वालों के कब्जे

मुख्यमंत्री धामी ने जागरण संवादी में कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने सनातन की आवाज पर सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाए हैं।

  • सनातन की आवाज पर सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाए गए
  • कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाया मुख्यमंत्री ने
  • उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करना बड़ी उपलब्धि

देहरादून। दैनिक जागरण संवादी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि वर्षों तक वोट बैंक की राजनीति के कारण उत्तराखंड में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों को संरक्षण दिया गया।

साजिशन हरी-नीली चादर डालकर सरकारी भूमि पर कब्जे कराए गए, लेकिन उनकी सरकार ने सनातन और उत्तराखंड की जनता की आवाज पर ऐसे अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान चलाकर जमीनों को मुक्त कराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अवैध कब्जे हटाने में भी वोट बैंक नजर आता है।

राजपुर रोड स्थित होटल फैयरफिल्ड बाय मेरिएट में शुक्रवार को जागरण के कार्यक्रम में ‘हिंदी हैं हम’ सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दैनिक जागरण के राज्य संपादक मनोज झा के साथ हुए संवाद में प्रदेश की सियासत और सरकार के कार्यों पर बेबाकी से अपनी बात रखी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक तुष्टिकरण की राजनीति कर समाज को बांटा, जबकि उनकी सरकार सभी के संतुष्टिकरण व समान अधिकारों की नीति पर आगे बढ़ रही है।

कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप, सनातन परंपरा और सांस्कृतिक पहचान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देंगे। उत्तराखंड के देवत्व को क्षति पहुंचाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सनातन था, है और सदैव रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकारें वर्षों तक समान नागरिक संहिता को लागू करने का साहस नहीं जुटा सकीं, जबकि उनकी सरकार ने 2022 में जनता से किया गया वादा पूरा कर दिखाया।

उन्होंने कहा कि यूसीसी किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता की जीत है। संविधान के अनुच्छेद-44 की भावना को धरातल पर उतारकर उत्तराखंड ने पूरे देश को दिशा दिखाई है। आज अन्य राज्य भी इसी राह पर आगे बढ़ रहे हैं। मदरसा शिक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया।

कहा कि वर्षों तक अव्यवस्था और अनियमितताओं को संरक्षण दिया गया, जबकि उनकी सरकार ने अवैध रूप से संचालित 250 मदरसों को बंद कराया। साथ ही अल्पसंख्यक शिक्षा को केवल एक वर्ग तक सीमित रखने के बजाय जैन, सिख, ईसाई और बौद्ध समुदायों को भी उसका लाभ दिया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार ने साफ कर दिया है कि सभी शिक्षण संस्थानों में राज्य का निर्धारित पाठ्यक्रम ही पढ़ाया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें।

मोहम्मद लगते ही रोशनी में आ गए दीपक

कोटद्वार के मो. दीपक प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य वोट बैंक की राजनीति करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस वर्ग विशेष को खुश करने के लिए इस मुद्दे को उठा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक सिर्फ जिम संचालक दीपक थे, अंधेरे में थे। मोहम्मद लगते ही कांग्रेस का उनके प्रति प्रेम जागृत हो गया।

अंकिता के नाम पर राजनीति कर रही कांग्रेस

अंकिता भंडारी हत्याकांड को दुखद बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में तत्काल एसआईटी गठित कर कार्रवाई की गई थी। तीनों आरोपी जेल में हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के प्रमाण नहीं मिले। इसके बावजूद कांग्रेस वोटबैंक के लिए इस मामले को लगातार उठा रही है। उसके पास कोई दूसरा मुद्दा नहीं है।

जो छह दशकों तक नहीं हुआ, उसे मोदी सरकार ने संभव बनाया

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। जिन कार्यों को छह दशकों तक नहीं किया जा सका, उन्हें मोदी सरकार ने संभव बनाया।

डबल इंजन सरकार आज विकास, सुशासन और जनकल्याण का पर्याय बन चुकी है। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 12 वर्षों में 28 बार उत्तराखंड आए। वह 17 हजार फीट की ऊंचाई पर आदि कैलास पहुंचने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं।

इस कारण पहले सालभर में लगभग 400 श्रद्धालु आदि कैलास जाते थे, अब 45 दिनों में 40 हजार से अधिक लोग वहां पहुंच चुके हैं। इससे स्थानीय रोजगार व व्यापार को गति मिली है। रिवर्स पलायन को बढ़ावा मिला है। केदारनाथ पुनर्निर्माण, शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा, माणा को पहला गांव घोषित करना और सीमांत क्षेत्रों के विकास ने नई संभावनाएं पैदा की हैं।

2.87 लाख लखपति दीदी आत्मनिर्भरता का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की योजनाओं ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है और महिलाओं की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पूरे प्रदेश में 2.87 लाख महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर लखपति दीदी का दर्जा हासिल कर चुकी हैं। माणा गांव की सभी महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

सड़क, रोपवे और कनेक्टिविटी का नया दौर

सीएम धामी ने डबल इंजन के फायदे बताकर कहा कि दिल्ली से देहरादून की यात्रा ढाई घंटे में संभव हो रही है। आल वेदर रोड परियोजना से चारधाम यात्रा, आदि कैलास व लिपुलेख तक पहुंच आसान हुई है। लखवाड़ और जमरानी बांध जैसी लंबित परियोजनाओं में प्रगति हो रही है।

हवाई सेवाओं का विस्तार, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और पर्यटन क्षेत्र में निवेश डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों में शामिल हैं। केदारनाथ और बदरीनाथ के लिए मास्टर प्लान तथा रोपवे परियोजनाओं पर भी काम आगे बढ़ रहा है।

अपने रिपोर्ट कार्ड के दम पर लगाएंगे हैटट्रिक

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कही गई ‘उत्तराखंड का दशक’ की अवधारणा अब धरातल पर दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग के सूचकांकों, प्रति व्यक्ति आय, बिजली उत्पादन, जीएसडीपी, फिल्म फ्रेंडली स्टेट और खनन तत्परता जैसे क्षेत्रों में राज्य लगातार आगे बढ़ रहा है।

पिछले तीन वर्षों में 23 करोड़ पर्यटकों का आगमन हुआ है। सिलक्यारा, जोशीमठ और धराली जैसी चुनौतियों से निपटने की क्षमता भी राज्य ने दिखाई है। उन्होंने कहा कि यही सरकार का रिपोर्ट कार्ड है। इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर जनता के बीच जाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button