Uttarakhand: प्रदेश के बहादुर बच्चों को इस साल से मिलेगा बाल वीरता पुरस्कार; अमर उजाला की खबर पर लगी मुहर
अमर उजाला ने प्रदेश के बहादुर बच्चों को राज्य स्तर पर मिलेगा वीरता पुरस्कार शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। सीएम की घोषणा से बहादुर बच्चों को वीरता पुरस्कार मिलने का रास्ता साफ हो गया।

प्रदेश के बहादुर बच्चों को इस साल से बाल वीरता पुरस्कार मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस पर इसकी घोषणा कर अमर उजाला की तीन फरवरी 2025 को प्रकाशित खबर पर मुहर लगा दी। अमर उजाला ने प्रदेश के बहादुर बच्चों को राज्य स्तर पर मिलेगा वीरता पुरस्कार शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। सीएम की घोषणा से बहादुर बच्चों को वीरता पुरस्कार मिलने का रास्ता साफ हो गया।
राज्य के बहादुर बच्चों को हर साल गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया जाता रहा है, लेकिन किन्हीं वजहों से पिछले कुछ वर्षों से इन बच्चों को सम्मानित नहीं किया जा रहा है। भारतीय बाल कल्याण परिषद की ओर से इन बच्चों से आवेदन तक नहीं लिए जा रहे हैं। जबकि राज्य में गुलदार से दूसरों की जान बचाकर अदम्य साहस का परिचय देने वाले बच्चों के मामले अक्सर सामने आते हैं। इसके अलावा प्रदेश के वीर बच्चे अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में बहने से दूसरे को बचाने जैसे कई बहादुरी के काम करते रहे हैं।



