उत्तराखंडदेश-विदेशराष्ट्रीयसामाजिक

छठ महापर्व: उगते सूर्य को अर्घ्य, व्रतियों ने पूरा किया 36 घंटे का निर्जला व्रत, दून-हरिद्वार में दिखी आस्था

लोक आस्था के महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान सोमवार सुबह श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। सूर्य उपासना के इस पर्व पर व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे से चल रहा निर्जला व्रत भी पूरा हो गया।

भोर होते ही छठी मैया के गीतों से घाट गूंज उठे। हाथों में पूजन सामग्री और डलिया लिए व्रती परिवार के साथ घाटों पर पहुंचे। देहरादून हरिद्वार में छठ महापर्व को लेकर सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। नेहरू कॉलोनी स्थित मिथिला छठ घाट और ब्रह्मपुरी छठ घाट समेत विभिन्न घाटों पर व्रती सुबह होने से पहले ही पहुंच गए। यहां श्रद्धालुओं ने जल में उतरकर पूजा-अर्चना की और उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाटों पर छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे।

करीब 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखने वाले व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही अपना कठिन अनुष्ठान पूरा किया। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पूजा की और परिवार की सुख-शांति, संतान की लंबी आयु और समृद्धि की कामना की। इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण किया।

छठ पर्व को देखते हुए देहरादून और हरिद्वार में नदियों सहित विभिन्न जलाशयों और घाटों पर व्यवस्थाएं की गई थीं। घाटों पर स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए। पूजा संपन्न होने के बाद घाटों पर श्रद्धालुओं को छठ का प्रसाद वितरित किया गया। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व का समापन पारंपरिक विधि-विधान और श्रद्धा के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button