
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 30 IAS और PCS अधिकारियों के तबादले एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। तबादला सूची में कई मुख्य विकास अधिकारियों (CDO), अपर जिलाधिकारियों (ADM), नगर आयुक्तों और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
देहरादून और पिथौरागढ़ के CDO बदले
तबादला आदेश में IAS दीपक सैनी को मुख्य विकास अधिकारी, पिथौरागढ़ से हटाकर मुख्य विकास अधिकारी, देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं IAS प्रवीण कुमार को अपर निदेशक, शहरी विकास निदेशालय, देहरादून से हटाकर मुख्य विकास अधिकारी, पिथौरागढ़ बनाया गया है।
IAS अभिनव शाह, जो मुख्य विकास अधिकारी, देहरादून के पद पर तैनात थे, को अपर सचिव-पर्यटन एवं अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पर्यटन विकास परिषद की जिम्मेदारी दी गई है।
अल्मोड़ा और अन्य जिलों में भी बदलाव
IAS अनामिका को मुख्य विकास अधिकारी, अल्मोड़ा नियुक्त किया गया है। वहीं IAS-2022 और IAS-2023 बैच के कई अधिकारियों को संयुक्त मजिस्ट्रेट, नगर आयुक्त और मुख्य विकास अधिकारी स्तर की नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
PCS अधिकारियों में भी व्यापक फेरबदल किया गया है। अभिषेक त्रिपाठी को मुख्य विकास अधिकारी, चमोली से हटाकर निदेशक, पंचायती राज निदेशालय, देहरादून बनाया गया है, जबकि रामजी शरण शर्मा को मुख्य विकास अधिकारी, अल्मोड़ा से हटाकर अपर निदेशक, सूचना प्रौद्योगिकी एजेंसी (ITDA), देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।
ADM स्तर पर भी बदली जिम्मेदारियां
श्याम सिंह राणा को अपर जिलाधिकारी, रुद्रप्रयाग से हटाकर अपर नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून नियुक्त किया गया है। नारायण सिंह नबियाल को अपर जिलाधिकारी, बागेश्वर से हटाकर अपर जिलाधिकारी, चमोली बनाया गया है।
पंकज कुमार उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/नजूल), ऊधमसिंहनगर से हटाकर अपर मेलाधिकारी, कुंभ मेला, हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है।
नगर निकायों में भी नई तैनाती
तबादला सूची में नगर निकायों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं। श्रीमती स्मृता परमार को नगर आयुक्त, नगर निगम रुड़की नियुक्त किया गया है। नुपुर वर्मा को डिप्टी कलेक्टर, पौड़ी गढ़वाल से हटाकर नगर आयुक्त, नगर निगम रुद्रपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं गोपाल राम को नगर आयुक्त, नगर निगम रुड़की से हटाकर अपर मेलाधिकारी, कुंभ मेला, हरिद्वार नियुक्त किया गया है।
शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को वर्तमान पद से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले पद पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।



